लगभग 500 महिला पूर्णकालिक कार्यकर्ता 6 से 8 नवंबर 2015 तक आनंद नगर में आनंद मार्ग की शाखा वूमन वेलफेयर डिपार्टमेंट( डब्लू डब्लू डी) की 50वीं सालगिरह मनाने के लिए जमा हुईं। इस विभाग की स्थापना श्री श्री आनंदमूर्ति जी ने 23 मई 1965 को पटना में की थी। इस शाखा का उद्देश्य है समाज में महिलाओं का सर्वांगीण कल्याण करना और उनमें नेतृत्व का गुण पैदा करना ।

इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश और विदेश से कार्यकर्ता आये थे। तीनों दिन सभागार खचाखच भरा रहा। तीनों दिन भावपूर्ण कीर्तन और धर्मचक्र का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक रूप से पूर्णतया तरंगायित रहा। 

इसके आलावा विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिनमें सभी ने बड़े उत्साह से भाग लिया। दिल्ली सेक्टर से दीदी लक्ष्मी ने '21वीं सदी में नेतृत्व' विषय पर दो दिन की कार्यशाला का संचालन किया। दीदी आनंद रुचिरा ने महिलाओं के स्वास्थ्य विषय पर कार्यशाला का आयोजन  किया। दीदी आनंद रामा ने नव्यमानवतावादी शिक्षा पर और आचार्या मालती के साथ कीर्तन के विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया , जो दीदी ज्योत्स्ना द्वारा पीएचडी के लिए राढ़ी कीर्तन पर किये गए अनुसन्धान पर आधारित थी। 

दीदी आनंद गीता और दीदी आनंद करुणा ने डब्लू डब्लू डी के इतिहास के बारे में जानकारी दी। बाबा के साथ अपने अनुभवों को बता कर उन्होंने सभी को भावविभोर कर दिया। डब्लू डब्लू डी के इतिहास और दुनिया भर में उसके द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे में एक मल्टीमीडिया प्रेजेंटेशन के द्वारा बताया गया। समापन सत्र का संचालन करते हुए दीदी देवनिष्ठा ने सभी का ध्यान इस बात पर केंद्रित किया कि कैसे अपनी क्षमताओं का उपयोग कर महिलाएँ समाज को नेतृत्व दे सकती हैं।

बौद्धिक कार्यशालाओ और आध्यात्मिक कार्यक्रमों के अलावा संगीत, नृत्य, नाटक आदि से भरपूर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। महिलाओं के अधिकारों के विषय पर आधारित दीदी आनंद विमोहा द्वारा निर्देशित एक प्रभावशाली नाटक का मंचन किया गया।

इस अवसर पर आसपास के स्थानीय निर्धन लोगों के बीच कम्बल और भोजन का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम का अंत पास के एक शहर में एक रैली के आयोजन के साथ हुआ, जिसमे कार्यक्रम में आये कार्यकर्ताओं के आलावा स्थानीय  महिलाओं ने भी भाग लिया। इस रैली के माध्यम से लोगों को महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज में उनकी भूमिका के बारे में सन्देश दिया गया।

आनंद मार्ग की शाखा वूमन वेलफेयर डिपार्टमेंट(डब्लू डब्लू डी) की 50वीं वर्षगांठ पर 'भक्त समाज' की ओर हार्दिक शुभकामनाएँ। 
Powered by Blogger.